|
आस्ट्रेलिया
का सिडनी शहर दुनिया के सबसे सुंदर बंदरगाहों में से एक के इर्द-गिर्द बसा
हुआ है। इस शहर में प्रकृति का भरपूर तथा सुंदर स्वरूप देखने को मिलता
है। सिडनी आस्ट्रेलिया का सबसे पुराना शहर भी है। सिडनी के हारबर ब्रिज
तथा ओपेरा हाउस तो दुनिया भर में मशहूर हैं ही साथ ही बोंडी एवं मैनली
जैसे सुंदर समुद्रतटों के कारण भी सिडनी सैलानियों का मन मोहता रहता है।
सिडनी में अनेक जातियों एवं संस्कृतियों का अनूठा संगम है। एक बड़े
क्षेत्र में फैला चाइना टाउन तथा चीनी उद्यान, जगह-जगह बिखरे भारतीय,
वियतनामी, मलय, थाई, लेबनानी तथा चीनी रेस्तरां व चीनी भाषा में छपने वाले
समाचारपत्र, ग्रीक चर्च तथा हिंदू मंदिर व गुरुद्वारे सिडनी को अलौकिक
स्वरूप प्रदान करते हैं।
सिडनी के बंदरगाह ने इस नगर को उत्तरी तथा दक्षिणी भागों में विभाजित कर
दिया है और हारबर ब्रिज एवं हारबर सुरंग इन दोनों किनारों को एकदूसरे से
जोड़ते हैं। पोर्ट जैक्सन नामक यह बंदरगाह मुख्य भूमि के 20 किलोमीटर अंदर
तक चला गया है, जहां यह समुद्र को आस्ट्रेलिया की एक प्रमुख नदी परामाटा
से जोड़ता है। इस बंदरगाह का नजारा देखने का सबसे सुंदर तरीका नौका विहार
है। सैलानियों के मनोरंजन के लिए यहां फेरी भी चलाई जाती है जो समुद्री
मार्ग से इस शहर की पूरी परिक्रमा करवाती है।
सिडनी की यात्रा ओपेरा हाउस के बगैर अधूरी ही मानी जाएगी। यह सुंदर इमारत
'सर्कुलर की' के पूर्वी भाग में स्थित है और नौका विहार के बाद आप इसका
आनंद ले सकते हैं। नौका में बैठ कर आप इस भवन पर नजर डालें तो आपको लगेगा
कि जैसे समुद्र के किनारे अनेक कछुए एकदूसरे के ऊपर बैठे हैं।
सिडनी के बीचोंबीच स्थित सिडनी टावर स्वयं में एक अजूबा है। इस इमारत को
दूर से देख कर ऐसा लगता है कि एक बहुत लंबे बांस पर कारीगरी करके उसे धरती
से आसमान पर चढ़ने के लिए सीधा खड़ा कर दिया गया हो। टावर पर 305 मीटर की
ऊंचाई पर एक रेस्तरां बनाया गया है जहां लिफ्ट द्वारा ऊपर जाकर सैलानी
नजारा ले सकते हैं।
सिडनी का एक अन्य दर्शनीय स्थल डार्लिंग हारबर है यहां सैलानियों के
मनोरंजन के लिए विभिन्न प्रकार के साधन जुटाए गए हैं। मोनो रेल में बैठकर
आप पूरे डार्लिंग हारबर का चक्कर लगा सकते हैं। एक्वेरियम, चीनी उद्यान,
पावर हाउस संग्रहालय तथा मोटरकार संग्रहालय व कैसिनो इस क्षेत्र के
प्रमुख आकर्षण हैं।
किंग्स क्रास तथा आक्सफोर्ड स्ट्रीट अपनी रंगीन रातों के लिए प्रसिध्द
हैं। रात में यह दोनों इलाके सिडनी की एक जीवंत झलक पेश करते हैं। यहां
पर आपको अनेक पब, कैफे, नाइटक्लब व रेस्तरां मिलेंगे। सिडनी का मौसम बहुत
और सुंदर है यहां गर्मियों में भी लोग शाम के समय स्वेटर पहने हुए मिल
जाएंगे। |