न्यूयॉर्क, वॉशिंगटन, नौ सितम्बर :भाषा: 9..11 की दसवीं बरसी पर अल..कायदा द्वारा कार या ट्रक बम के उपयोग से शहर पर हमले की ‘‘विश्वसनीय’’ सूचना के बाद न्यूयार्क में भारी हथियारों से लैस आतंकवाद निरोधक बल को तैनात किया गया है ।
अधिकारियों द्वारा राष्ट्रपति बराक ओबामा को स्थिति से अवगत कराने के बाद अतिरिक्त पुलिस बल को तैनात किया गया है । न्यूयॉर्क के मेयर माइकल ब्लूमबर्ग ने भी खुलासा किया था कि शहर पर खतरे के बारे में ‘‘विश्वसनीय लेकिन अपुष्ट’’ सूचना है।
व्हाइट हाउस के एक अधिकारी ने कहा, ‘‘राष्ट्रपति ने आतंकवाद निरोधक समुदाय को निर्देश दिया कि विश्वसनीय किंतु अपुष्ट सूचना पर अपने प्रयास को दोगुना कर दें।’’ अमेरिकी खुफिया एजेंसियों को बुधवार को यह धमकी मिली थी और अधिकारियों ने तीन लोगों की तलाश के लिये लुक आउट नोटिस जारी किया है । इन लोगों ने अफगानिस्तान से हवाई मार्ग से देश में प्रवेश किया ।
आतंकवाद निरोधक अधिकारी रिपोर्ट का आकलन कर रहे हैं और मीडिया रिपोर्ट में कहा गया है कि अधिकारी न्यूयार्क और वाशिंगटन में खतरे का स्तर बढ़ाने के बारे में विचार कर रहे हैं ।
आंतरिक सुरक्षा मंत्रालय के एक प्रवक्ता ने बयान जारी कर कहा कि षड्यंत्र का खुलासा करने के लिये एजेंसियां विदेशों में भी सुराग का पता लगाने का प्रयास कर रही हैं ।
अधिकारियों ने कहा कि दो लापता किराये के ट्रकों का पता लगाने के लिये देशव्यापी खोज अभियान शुरू किया गया है । ये ट्रक मिसौरी के कंसास शहर से लापता हैं ।