वाशिंगटन, 17 अगस्त :भाषा: तिब्बत में विरोध प्रदर्शन एवं आत्मदाह की खबरों के बीच दो प्रभावशाली अमेरिकी सांसदों ने क्षेत्र में चीन की नीतियों पर अमेरिकी विदेश मंत्री हिलेरी क्लिंटन से ‘अंतराष्ट्रीय कूटनीतिक कदम’ उठाने का आग्रह किया है । सांसद जेम्स मैक्गोवर्न और फैं्रक आर वोल्फ ने नौ अगस्त को क्लिंटन को लिखे पत्र में कहा, कि उन्हें विश्वास है कि अमेरिका इस मसले पर चीनी सरकार पर कूटनीतिक और अंतरराष्ट्रीय दबाव बनायेगा । उन्होंने अपने पत्र में क्लिंटन से चीन की नीतियों और विशेष तौर पर तिब्बत के मसले पर अंतरराष्ट्रीय कूटनीतिक कदम उठाने की गुजारिश की।
पत्र में उन्होंने लिखा, ‘‘अमेरिका एशिया के लिये काफी महत्व रखता है और अमेरिका के लिए यह जताना बहुत आवश्यक है कि वह तिब्बतियों की मदद और समर्थन की हताश अपील की अनदेखी नहीं कर सकता।’’ सांसदों ने कहा कि हम आपसे अपील करते हैं कि सहयोगी देशों के साथ मिलकर इस मानवीय संकट पर एक स्पष्ट एवं ठोस कूटनीतिक प्रयास किये जांय ।