वाशिंगटन, 17 अगस्त :भाषा: अमेरिका के विस्कोंसिन राज्य में गुरुद्वारे में गोलीबारी की घटना को लेकर ओक क्रीक के मेयर कार्यालय में शोक संदेश संबंधी पत्रों का ढेर लग गया है । इस घटना में छह सिख मारे गए थे ।
पत्र सिर्फ ईमेल और डाक के जरिए ही नहीं, बल्कि बहुत से लोग सिटी हाल में खुद पत्र डालकर जा रहे हैं । अमेरिका ही नहीं, बल्कि दुनियाभर से मेयर कार्यालय को घटना के संदर्भ में शोक संदेश मिल रहे हैं।
पत्र भेजने वालों में राजनयिक, पुलिस अधिकारी, धार्मिक संगठन और आम लोग शामिल हैं।
मिलवाउकी जर्नल सेंटीनेल के अनुसार उन्नीस पत्रों का एक संग्रह सिटी हाल के बुलेटिन बोर्ड पर लगाया गया है।
पत्र भेजने वाले कई लोगों ने पूछा है कि वे इस संबंध में क्या मदद कर सकते हैं।