नई दिल्ली : कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने इच्छा व्यक्त की है कि राष्ट्रपति पद के लिए कांग्रेस पार्टी के उम्मीदवार के नाम का प्रस्ताव द्रमुक प्रमुख करुणानिधि से करवाया जाए। पता चला है कि नामांकन पत्र संभवत: 16 जून को भरे जाएंगे और यू.पी.ए. के नेताओं को कहा गया है कि वे इसी तिथि को ध्यान में रखते हुए अपना यात्रा कार्यक्रम तय करें। चूंकि अधिकतर नेता देश के अंदर और बाहर यात्रा पर रहते हैं इसलिए अस्थायी तिथि तय की गई है।
अब स्थिति स्पष्ट होती जा रही है कि प्रणव मुखर्जी ही राष्ट्रपति पद के सबसे संभावित प्रत्याशी हैं, हालांकि कांग्रेस इस मुद्दे पर अभी भी मौन साधे हुए है लेकिन फिर भी सोनिया गांधी चाहती हैं कि जब 16 जून को कांग्रेस का उम्मीदवार राष्ट्रपति पद के लिए अपने कागजात रिटॄनग अधिकारी वी.के. अग्रिहोत्री के समक्ष संसद भवन में दाखिल करवाए तो यू.पी.ए. के घटक दलों के सभी वरिष्ठ नेता और समर्थक उपस्थित रहें। इस बीच राष्ट्रपति चुनाव समेत राजनीतिक स्थिति की समीक्षा पर चर्चा के लिए आज कांग्रेस कोर कमेटी की एक महत्वपूर्ण बैठक हुई।
समझा जाता है कि इसमें राष्ट्रपति और उपराष्ट्रपति पद के लिए उम्मीदवारों के नामों को अंतिम रूप देने पर विचार-मंथन हुआ। कांग्रेस कार्य समिति इन उम्मीदवारों के नाम तय करने का अधिकार कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी को पहले ही सौंप चुकी है। राष्ट्रपति व उपराष्ट्रपति उम्मीदवारों के अलावा बैठक में पिछड़ा वर्ग के आरक्षण में अल्पसंख्यक उप कोटा के मुद्दे पर भी चर्चा की गई।