|
भारत के
विस्फोटक सलामी बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग ने कप्तान महेंद्र सिंह धोनी को
'बेहद कूल' बताते हुए बृहस्पतिवार को कहा कि वह आने वाले समय में सौरभ
गांगुली से भी बेहतर कप्तान साबित हो सकते हैं। सहवाग ने एक निजी टीवी
चैनल के साथ बातचीत में कहा कि धोनी में सफल कप्तान बनने के सारे गुण
मौजूद हैं। उन्होंने कहा, 'धोनी कप्तानी करते समय बेहद कूल रहते हैं। वह
आने वाले समय में गांगुली से भी बेहतर कप्तान साबित होंगे।' लेकिन सहवाग
ने अपने पूर्व कप्तान गांगुली की भी जमकर सराहना करते हुए कहा, 'एक
कप्तान के रूप में गांगुली का कोई जोड़ नहीं है। उन्होंने हमें विदेशी
सरजमीं पर कई मैचों में जीत दिलाई। उन्होंने सही मायनों में भारतीय
क्रिकेट को नई पहचान दी है।' उन्होंने कहा कि गांगुली और अनिल कुंबले के
संन्यास के बाद ड्रेसिंग रूम में उनकी कमी का पुरजोर अहसास होता है।
उन्होंने कहा, 'गांगुली और कुंबले जैसी शख्सियत की भरपाई कर पाना हमारे
लिए इतना आसान नहीं है।' उन्होंने वर्ष 2008 को अपने कैरियर का सबसे
बेहतरीन साल बताते हुए कहा, 'श्रीलंका के खिलाफ गाल टेस्ट में बनाया गया
दोहरा शतक मेरी सबसे अच्छी पारी रही। मैं चेन्नई में दक्षिण अफ्रीका के
खिलाफ बनाए गए तिहरे शतक को मुल्तान के तिहरे शतक से अधिक खास मानता
हूं।' उन्होंने वर्ष 2008 में टीम इंडिया की शानदार सफलता का जिक्र करते
हुए कहा, 'सभी बल्लेबाज बेहतरीन फार्म में रहे और गेंदबाजों ने भी अपनी
भूमिका अच्छी तरह से निभाई। इस सम्मिलित प्रयास की वजह से ही हम दुनिया
की नंबर दो टीम बन पाए। नए साल में इस टीम के नंबर वन पर पहुंचने के अच्छे
आसार हैं।' |